राज्य में हर व्यक्ति पर 36 हजार का कर्ज, सरकार ने आठ साल मे 6 लाख करोड़ का कर्ज लिया

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि उसने उत्तर प्रदेश को कर्ज में डुबो दिया है। उनका कहना था कि राज्य के हर व्यक्ति पर 36 हजार का कर्ज है और प्रदेश पर करीब नौ लाख करोड़ का कर्ज हो गया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस बजट में भाजपा सरकार ने 91 हजार करोड़ का नया कर्ज लिया है, जबकि 2017 तक यूपी पर तीन लाख करोड़ का कर्ज था। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने पिछले आठ साल में 6 लाख करोड़ का और कर्ज ले लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश को कर्ज के बोझ तले दबा रही है और इसके गलत आर्थिक फैसले देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार गरीबों को और गरीब बना रही है, जबकि महंगाई, बेरोजगारी और अन्य समस्याओं से हर वर्ग परेशान है। किसानों, नौजवानों, व्यापारी और महिलाओं को लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह सरकार पूरी तरह से झूठ, लूट और बेईमानी की नीति पर चल रही है और जनहित में कोई काम नहीं हो रहा है। अखिलेश ने विश्वास जताया कि 2027 में जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।





