शराब कारोबारी नवीन केडिया गोवा से गिरफ्तार, रांची ले जाकर होगी पूछताछ

रायपुर। शराब कारोबारी और छत्तीसगढ़ डिस्टलरी के संचालक नवीन केडिया को झारखंड एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) ने गिरफ्तार कर लिया है। एसीबी की टीम ने उसे गोवा से पकड़ा। नवीन केडिया के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

एसीबी ने पहले ही उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर रखा था। गिरफ्तारी के बाद अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर गोवा से रांची लाने की तैयारी की जा रही है। रांची पहुंचने के बाद आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ में शराब घोटाले से जुड़े नेटवर्क और पैसों के लेन-देन को लेकर अहम जानकारी सामने आएगी।

बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले में भी नवीन केडिया का नाम सामने आया है। आरोप है कि उन्होंने सिंडिकेट को शराब सप्लाई की और इसके बदले करीब 243.72 करोड़ रुपये का कमीशन दिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए नवीन केडिया ने कोर्ट में जमानत याचिका भी दाखिल की थी, लेकिन उससे पहले ही एसीबी ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

जांच एजेंसी के मुताबिक यह पूरा मामला उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के तत्कालीन प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे के कार्यकाल से जुड़ा हुआ है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button