शादी का झांसा देकर लॉ छात्रा से दुष्कर्म, दो बार कराया गर्भपात; शिकायत के बाद आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर में लॉ की पढ़ाई कर रही एक छात्रा के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और दो बार गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह 22 साल की है और लॉ की पढ़ाई कर रही है। वह सरकंडा क्षेत्र में किराए के कमरे में रहती है। वर्ष 2023 में कॉलेज में उसकी पहचान सैदा निवासी गौरव दुबे से हुई थी। दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई और बाद में मोबाइल पर बातचीत शुरू हो गई।
कुछ समय बाद युवक ने युवती को प्रपोज किया और शादी करने का वादा किया। इसके बाद वह युवती के किराए के कमरे में मिलने आया और शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह लगातार उससे संबंध बनाता रहा।
पीड़िता के अनुसार इस दौरान वह गर्भवती हो गई। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने उसे दवाई देकर गर्भपात करा दिया। युवती का आरोप है कि आरोपी ने इस तरह दो बार उसका गर्भपात कराया।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने दोबारा शादी करने की बात कही तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद परेशान होकर उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर मेडिकल जांच कराई और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि पीड़िता अनुसूचित जाति वर्ग से है, इसलिए पुलिस इस मामले में आरोपी के खिलाफ अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।





