CG Budget:विधानसभा में सवाल-जवाब के बीच गूंजे ठहाके

CG Budget:रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के सत्र में मंगलवार को गंभीर चर्चाओं के बीच कई मजेदार पल भी देखने को मिले। सवाल-जवाब के दौरान नेताओं के बीच हुई हंसी-मजाक से सदन का माहौल हल्का हो गया।

मंत्री बनने के सवाल पर आई मजेदार प्रतिक्रिया

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने महतारी वंदन योजना को लेकर महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से सवाल किया। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, “मैं ज्यादा सवाल करके आपको परेशान नहीं करूंगा, क्योंकि उमेश पटेल पहले ही काफी सवाल कर चुके हैं।”

महंत ने पूछा कि मृत हितग्राही महिलाओं की सूचना मिलने के बाद कितने दिनों तक राशि जारी की गई और यह कब बंद हुई? इस पर भाजपा विधायक राजेश मूणत ने चुटकी लेते हुए कहा, “नेता जी, आप भी तो सरकार में थे, अगर आप ही इसे सही से लागू कर देते तो सवाल पूछने की जरूरत नहीं पड़ती।”

इसी चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने मूणत से मजाक में पूछ लिया, “राजेश भैया, आप मंत्री कब बन रहे हैं?” इस पर कांग्रेस के ही एक विधायक ने मजाकिया जवाब दिया, “2047 तक।” यह सुनते ही सदन में जोरदार ठहाके गूंज उठे।

खाद्य मंत्री पर भी हुई मजाकिया टिप्पणी

इससे पहले भाजपा के अजय चंद्राकर ने खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल और उनके विभाग के कामकाज पर मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की।

सदन में धान खरीदी, अमानक बारदाना और धान तस्करी से जुड़े कई सवाल उठे। मंत्री हर बार जवाब में यही कहते रहे, “शिकायत लिखित में दें, मैं दिखवा लूंगा, परीक्षण करवा लूंगा, जानकारी दे दूंगा।”

इस पर अजय चंद्राकर ने चुटकी लेते हुए कहा, “खाद्य मंत्री और उनके विभाग का सिस्टम बड़ा अच्छा है। जो भी शिकायत है, लिखकर दे दो, जांच करा लूंगा, दिखवा लूंगा, फिर क्या होगा वो देख लेंगे!”

उनकी इस टिप्पणी पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने हंसते हुए कहा, “सही बात है, इससे ज्यादा पारदर्शी सिस्टम और क्या हो सकता है!” उनकी इस बात पर पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा।

गंभीर चर्चाओं के बीच इन मजेदार पलों ने सदन के माहौल को हल्का कर दिया।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई