कोरबा खदान हादसा: ब्लास्टिंग से किसान की मौत, परिजन ने शव रखकर किया प्रदर्शन

कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की दीपका खदान में हैवी ब्लास्टिंग के दौरान बड़ा हादसा हुआ। उछले पत्थर का टकराना रेकी गांव निवासी लखन लाल पटेल (60) के सिर पर पड़ा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। लखन लाल पटेल अपने साढ़ू भाई के पास हरदीबाजार गए थे और पैदल लौटते समय यह दुर्घटना हुई।
हादसे के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक का शव लेकर रात 11 बजे तक प्रदर्शन करते रहे। इस दौरान पुलिस और CISF के जवान तैनात किए गए। प्रदर्शनकारियों ने मृतक परिवार को मुआवजा और नौकरी देने की मांग की।
SECL प्रबंधन ने मृतक परिवार को 10 लाख रुपए मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। कंपनी ने हादसे पर दुख जताया और बताया कि एरिया प्रबंधन मामले की जांच कर रहा है।
स्थानीय पंचायत और ग्रामीणों ने बताया कि 5 जनवरी को SECL महाप्रबंधक के साथ बैठक हुई थी, जिसमें हैवी ब्लास्टिंग रोकने का आश्वासन दिया गया था। बावजूद इसके ब्लास्टिंग जारी रही और हादसा हो गया। पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मुकेश जायसवाल ने कहा कि ब्लास्टिंग से घरों के छज्जे क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, बोर सूख रहे हैं और अब लोगों की जान भी खतरे में है।
SECL पीआरओ शनिष चंद्र ने कहा कि ब्लास्टिंग से पहले सायरन बजाना और आसपास के लोगों को सतर्क करना प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन एरिया प्रबंधन की ओर से घटना का विश्लेषण किया जा रहा है।
हादसा स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा और ब्लास्टिंग के मानकों के कड़ाई से पालन की मांग की है। मृतक लखन लाल पटेल के बेटे अनिल कुमार ने बताया कि पिता किसान थे और घर लौटते समय यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





