CG BREAKING: उफनती लीलागर नदी में बह गई बाइक, युवक ने किसी तरह बचाई जान:अधूरा पुल बना हादसों की वजह

CG Breaking: कोरबा। जिले में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। हरदी बाजार से अपने गांव भेलवाडोंगरी लौट रहे 20 साल के शंकर सिंह गोंड की बाइक लीलागर नदी में बह गई। गनीमत रही कि शंकर ने किसी तरह खुद को तेज धार से बचा लिया और आसपास के लोगों ने भी उसकी मदद की।
तीन फीट ऊपर बह रहा था पानी, फिर भी की पार करने की कोशिश
यह घटना ग्राम नेवसा के पास की है। यहां लीलागर नदी का पुराना पुल पूरी तरह पानी में डूब चुका था। नदी का पानी इतनी तेजी से बह रहा था कि पुल के ऊपर से करीब तीन फीट तक पानी जा रहा था। इसके बावजूद शंकर ने बाइक से पुल पार करने की कोशिश की। बीच में ही तेज बहाव में उसकी बाइक बह गई, लेकिन उसने किसी तरह खुद को बचा लिया।
एक साल से अधूरा है नया पुल, पीडब्ल्यूडी पर सवाल
इस हादसे ने लोक निर्माण विभाग (PWD) की लापरवाही भी उजागर कर दी। करीब 1.75 करोड़ रुपये की लागत से नया पुल बनाने की योजना बनी थी, लेकिन एक साल बाद भी पुल अधूरा पड़ा है। 60 मीटर लंबे पुल का काम ठेकेदार की लापरवाही की वजह से रुक गया है।
ग्रामीणों में नाराजगी, जल्द काम पूरा करने की मांग
यह पुल बिलासपुर-सिपत मार्ग पर पड़ता है, जिससे रोज़ाना हजारों लोग, छात्र और ग्रामीण आवाजाही करते हैं। बरसात में यह रास्ता बेहद खतरनाक हो जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार और विभाग की मिलीभगत से काम में जानबूझकर देरी हो रही है। हादसे के बाद गांव वालों में नाराज़गी है। उन्होंने मांग की है कि पुल का निर्माण तुरंत पूरा किया जाए और ठेकेदार व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।





