रेलवे स्टेशनों पर अब मिलेगा किनले, अमरकंटक और शिवनाथ ब्रांड का पानी

गर्मी के बढ़ते तापमान के बीच रेलवे यात्रियों को राहत देने के लिए एक अहम कदम उठाया है। अब रेलवे स्टेशनों पर सिर्फ रेलनीर ही नहीं, बल्कि किनले, अमरकंटक और शिवनाथ ब्रांड का पानी भी उपलब्ध होगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यह निर्णय रेलनीर की आपूर्ति में आई कमी को देखते हुए लिया है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अब तक रेलवे में केवल रेलनीर बेचने की बाध्यता थी, लेकिन बिलासपुर के सिरगिट्टी स्थित रेलनीर प्लांट के बंद होने से पानी की सप्लाई बाधित हो गई थी। पहले नागपुर से पानी की आपूर्ति की जा रही थी, लेकिन यह पर्याप्त नहीं थी और यात्रियों की बढ़ती शिकायतों के बाद रेलवे ने किनले, अमरकंटक और शिवनाथ ब्रांड की बोतलबंद पानी की बिक्री की अनुमति दी है। यह व्यवस्था 2027 तक मान्य रहेगी और इन ब्रांड्स की कीमत भी रेलनीर की तरह 15 रुपये ही रखी गई है, जिससे यात्रियों पर कोई अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा।

रेलनीर प्लांट दिसंबर 2024 से बंद पड़ा है क्योंकि इस पर करीब 13 करोड़ 40 लाख रुपये का जलकर बकाया था। आइआरसीटीसी ने इस राशि को न चुकाने के कारण प्लांट को बंद कर दिया था, जिसके बाद रेलवे में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई थी।

अब रेलवे का यह फैसला यात्रियों के लिए राहतकारी साबित होगा, ताकि गर्मी के मौसम में सफर करते समय उन्हें पानी की कमी से जूझना न पड़े।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button