करणी सेना प्रमुख ने गृहमंत्री का नंबर किया सार्वजनिक, बयान पर भड़की नाराजगी

रायपुर। करणी सेना के चीफ डॉ. राज शेखावत ने छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा का मोबाइल नंबर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सार्वजनिक कर दिया। डॉ. शेखावत ने एक वीडियो पोस्ट कर आरोप लगाया कि गृहमंत्री ने करणी सेना को “गिरोह” कहा है, जिससे करणी सेना के कार्यकर्ताओं में भारी नाराज़गी है।
डॉ. शेखावत ने अपने वीडियो में कहा कि करणी सेना एक “न्याय संगत और पवित्र संगठन” है, जिसे गिरोह बताकर गृहमंत्री ने उनका अपमान किया है। उन्होंने सभी करणी सैनिकों से अपील की कि वे गृहमंत्री को फोन कर पूछें कि उन्होंने ऐसा बयान क्यों दिया।
इसके साथ ही उन्होंने गृहमंत्री को वीरेंद्र सिंह और उनके परिवार पर हुए कथित अत्याचारों का “मुख्य सूत्रधार” तक बता दिया।
साथ ही यह भी कहा कि समय आने पर करणी सेना लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।
वीडियो में डॉ. शेखावत ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “एक तो चोरी, फिर सीनाजोरी… वाह रे सत्ता।”
मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है, जबकि राजनीतिक हलकों में भी इस घटना पर चर्चा जारी है।





