कलिंगा यूनिवर्सिटी के छात्र की चौथी मंजिल से गिरकर मौत, मामला संदिग्ध

रायपुर। मंदिरहसौद थाना क्षेत्र में 22 दिसंबर 2025 की शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। कलिंगा यूनिवर्सिटी के छात्र सैम पूरे जूदे की चौथी मंजिल से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना सेक्टर-16, ब्लॉक नंबर-30 के पास की बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, सैम किसी कारण से चौथी मंजिल की छत से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तुरंत इलाज के लिए पहले सद्भावना अस्पताल, फिर बालको अस्पताल और बाद में मेकाहार अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जांच में सामने आया है कि घटना से पहले सैम का एक युवती के साथ विवाद हुआ था। युवती ने सैम पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था और इस बारे में अपने बॉयफ्रेंड को बताया था। इसके बाद बॉयफ्रेंड मौके पर पहुंचा। पुलिस का कहना है कि जब सैम ने अन्य लड़कों को देखा तो वह घबरा गया और ऊपर की ओर अपने घर की तरफ भागा। इसी दौरान वह चौथी मंजिल से नीचे गिर गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक किसी भी प्रत्यक्षदर्शी ने यह नहीं कहा है कि सैम को किसी ने धक्का दिया या उसके साथ मारपीट की गई। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद युवक और युवती दोनों डर गए थे और आशंका जताई जा रही है कि सैम के दोस्तों से मारपीट की संभावना के डर से वे खुद भिलाई थाना पहुंचे थे। बाद में उन्हें मंदिरहसौद थाना लाकर पूछताछ की गई।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। मामले में सभी संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button