बिलासपुर में नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 40 से अधिक अतिक्रमण हटाए गए

बिलासपुर:बिलासपुर शहर में ट्रैफिक को सुचारु रखने और सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाने के लिए सोमवार को नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने सख्त अभियान चलाया। अभियान की शुरुआत नेहरू नगर के गणेश चौक से हुई, जहां दुकानों के बाहर रखा गया सामान हटाया गया। इसके बाद टीम ने कारगिल चौक, स्मार्ट सिटी रोड, गौरव पथ, महाराणा प्रताप चौक, सीएमडी चौक सहित अन्य इलाकों में भी कार्रवाई की। इस दौरान करीब 10 ट्रालियों में भरकर सामान जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान सबसे ज्यादा हंगामा पुराने बस स्टैंड और पुराने हाईकोर्ट के सामने देखने को मिला, जहां दुकानदारों ने निगम कर्मचारियों के साथ झूमाझटकी की। राजीव प्लाजा के पास फुटपाथ पर लगे ठेलों को हटाने के दौरान भी भारी विरोध हुआ। दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम से झूमाझटकी की, हालांकि टीम ने सख्ती से कार्रवाई को अंजाम दिया।
निगम की अतिक्रमण शाखा प्रभारी प्रमिल शर्मा ने बताया कि दुकानदार सड़क पर सामान रखकर ट्रैफिक में बाधा पहुंचा रहे हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि अगर दोबारा सामान बाहर रखा गया तो जुर्माना लगाया जाएगा। नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।





