मार्च 2026 तक झारखंड नक्सल मुक्त होगा, पुलिस ने इस साल 24 नक्सलियों को मार गिराया

रांची। झारखंड को नक्सल मुक्त बनाने के लिए पुलिस और सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में इस साल जनवरी से अब तक 24 नक्सली मारे जा चुके हैं। ताजा कार्रवाई रविवार को पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा इलाके में हुई, जहां पुलिस ने 10 लाख के इनामी नक्सली अमित हांसदा उर्फ अपटन को ढेर कर दिया। अमित 60 से ज्यादा वारदातों में वांटेड था और कई बार मुठभेड़ों से बच निकला था।

इस साल की सबसे बड़ी कार्रवाई 21 अप्रैल को हुई थी, जब बोकारो जिले के लुगु पहाड़ पर एक करोड़ के इनामी प्रयाग मांझी उर्फ विवेक समेत आठ माओवादी मारे गए थे। इसके बाद 16 जुलाई को बोकारो में 25 लाख के इनामी कुंवर मांझी सहित दो नक्सली मारे गए। वहीं 5 अगस्त को गुमला में पीएलएफआई कमांडर और 15 लाख के इनामी मार्टिन केरकेट्टा को सुरक्षा बलों ने ढेर किया। 24 मई को लातेहार में जेजेएमपी सुप्रीमो पप्पू लोहरा और प्रभात गंझू को मार गिराया गया।

डीजीपी अनुराग गुप्ता के मुताबिक, झारखंड से अब तक 95% नक्सलवाद खत्म हो चुका है। इस बार बारिश के दौरान भी अभियान नहीं रुका और ग्रामीण इलाकों तक विकास योजनाओं की पहुंच ने नक्सलियों को कमजोर कर दिया है।

आंकड़ों के अनुसार, झारखंड बनने के बाद से अब तक 823 नक्सली मारे जा चुके हैं, जबकि 554 पुलिसकर्मी शहीद हुए और 836 ग्रामीण नक्सली हिंसा का शिकार बने। पुलिस का दावा है कि आने वाले आठ महीनों में नक्सलवाद पूरी तरह खत्म कर झारखंड को मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त घोषित कर दिया जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button