जशपुर ट्रिपल मर्डर: प्रेम संबंध में शक के चलते महिला और बच्चों की हत्या, आरोपी रांची से गिरफ्तार

जशपुर। जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के साजबहार गांव में एक महिला और उसके दो बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में आरोपी प्रमोद गिद्धी को रांची से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला का प्रेमी था और उसने चरित्र पर शक करते हुए इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस को 23 जून को एक मुखबिर से जानकारी मिली कि एक व्यक्ति नशे में कह रहा था कि उसने साजबहार की एक महिला और उसके दो बच्चों को मारकर नदी किनारे दफना दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 2 घंटे की तलाश के बाद रेत हटाकर एक 6 साल के लड़के और 14 साल की लड़की का शव बरामद किया। वहीं कुछ दूर जंगल में 36 वर्षीय महिला का शव मिला, जिसकी पहचान सुभद्रा ठाकुर के रूप में हुई।
जांच में पता चला कि सुभद्रा ठाकुर का गांव के ही प्रमोद गिद्धी से प्रेम संबंध था। मुखबिर द्वारा बताए गए शराबी व्यक्ति की पहचान भी प्रमोद के रूप में हुई, जो घटना के बाद से फरार था। पुलिस ने उसके दोस्तों और रिश्तेदारों के घरों में लगातार दबिश दी और जानकारी मिली कि वह रांची में छिपा है। इसके बाद एक टीम को रांची भेजा गया।
टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पुलिस ने प्रमोद को रांची से गिरफ्तार कर लिया। रास्ते में पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी ने 8 घंटे पहले जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी। उसे तुरंत जशपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद अब उसकी हालत स्थिर है।
पूछताछ में प्रमोद ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि पहले सुभद्रा की बेल्ट से गला घोंटकर हत्या की, फिर दोनों बच्चों को भी मार डाला और शवों को नदी किनारे दफना दिया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी को पकड़ना बड़ी चुनौती थी। पुलिस की पांच अलग-अलग टीमों ने कई जगह दबिश दी और अंत में रांची से आरोपी को पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम को नगद इनाम दिया गया है।





