जशपुर को मिली नई एम्बुलेंस सेवा, मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

जशपुर/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के ग्राम बगिया स्थित कैम्प कार्यालय परिसर से अत्याधुनिक एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह एम्बुलेंस बैंक ऑफ इंडिया द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत दी गई है।
इस एम्बुलेंस में बेसिक लाइफ सपोर्ट सिस्टम समेत कई जरूरी मेडिकल सुविधाएं मौजूद हैं। इसे खास तौर पर मनोरा क्षेत्र के लिए तैनात किया गया है, लेकिन जरूरत पड़ने पर पूरे जिले में इसका उपयोग किया जा सकेगा। इससे आपात स्थिति में मरीजों को जल्दी अस्पताल पहुँचाना आसान होगा, खासकर ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि हर व्यक्ति को अच्छी और समय पर स्वास्थ्य सेवा मिले। इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने जानकारी दी कि कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज और 50 बिस्तरों वाला मातृ-शिशु अस्पताल बन रहा है। साथ ही जशपुर में प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र, फिजियोथेरेपी केंद्र, नर्सिंग कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज की भी स्थापना की जा रही है।
इस नई एम्बुलेंस सेवा से जशपुर के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।





