जशपुर: भृत्य की शिकायत पर बीईओ मनीराम यादव निलंबित

जशपुर:जिले के बगीचा विकासखंड के शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई स्कूल में काम करने वाले एक भृत्य अर्जुन राम की शिकायत के बाद की गई।
दरअसल, अर्जुन राम शासकीय हाई स्कूल चंपा में भृत्य के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने अपनी पेंशन प्रक्रिया में लापरवाही की शिकायत जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास से की थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने चार सदस्यीय जांच समिति बनाई।
जांच में पता चला कि बीईओ मनीराम यादव ने अर्जुन राम के पेंशन और अन्य लाभों के मामले में कोई रुचि नहीं दिखाई। यहां तक कि अनुमानित पेंशन की मंजूरी के लिए भी कोई कदम नहीं उठाया गया।
इस लापरवाही के कारण मनीराम यादव को कारण बताओ नोटिस भेजा गया, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। कलेक्टर ने इस मामले की रिपोर्ट संभागायुक्त सरगुजा को भेजी, जिसके बाद मनीराम यादव को निलंबित कर दिया गया।
निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जशपुर तय किया गया है। बीईओ का अतिरिक्त प्रभार स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बगीचा के प्राचार्य सुदर्शन पटेल को सौंपा गया है।





