इंडिगो की फ्लाइटें रद्द होने से रायपुर एयरपोर्ट पर हंगामा, यात्रियों में भारी नाराज़गी

रायपुर। रायपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस की अचानक फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों में भारी नाराज़गी देखी गई। उड़ान से कुछ देर पहले ही मैसेज भेजकर फ्लाइट रद्द होने की सूचना दिए जाने पर यात्री भड़क उठे और एयरलाइंस काउंटर पर मौजूद कर्मचारियों से तीखी बहस की।

यात्रियों का कहना है कि न तो उन्हें वैकल्पिक फ्लाइट दी गई और न ही ठहरने या किसी अन्य सहायता की व्यवस्था की गई। दिल्ली, मुंबई, इंदौर और हैदराबाद के लिए जाने वाले कई यात्रियों का सफर बाधित हो गया। शिकायतों के बावजूद एयरलाइंस की ओर से कोई ठोस जवाब नहीं मिला, जिसके बाद कई लोग बिना यात्रा किए ही वापस लौटने पर मजबूर हो गए।

दुबई से रायपुर आए एक यात्री ने बताया कि 14 हजार रुपये लगेज के लिए अतिरिक्त भुगतान करने के बाद भी उनका सामान नहीं मिला है और पिछले 48 घंटे से वे एयरपोर्ट पर परेशान घूम रहे हैं। वहीं मैसूर जाने वाली एक कैंसर मरीज महिला को आखिरी समय पर फ्लाइट रद्द होने की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि डॉक्टर का अपॉइंटमेंट मिस होने पर अब उन्हें मजबूरन कार से मैसूर जाना पड़ेगा।

इंदौर में जरूरी बिज़नेस मीटिंग के लिए जा रहे एक अन्य यात्री ने भी कहा कि अचानक रद्द हुई फ्लाइट के कारण पूरा शेड्यूल बिगड़ गया है। यात्रियों ने हेल्पडेस्क पर सहायता न मिलने और किसी वरिष्ठ अधिकारी की अनुपस्थिति पर भी नाराज़गी जताई।

वहीं, स्टाफ की भारी कमी से जूझ रही इंडिगो एयरलाइंस की परेशानी देशभर में बढ़ती जा रही है। आज पूरे देश में कंपनी ने 400 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द कर दीं। सिर्फ दिल्ली एयरपोर्ट पर ही इंडिगो की 235 फ्लाइट्स आज रद्द रहीं, जिससे हजारों यात्रियों का सफर प्रभावित हुआ। इससे पहले भी 500 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं।

इंडिगो ने अपने बयान में स्वीकार किया कि पिछले दो दिनों में उसका नेटवर्क गंभीर रूप से बाधित रहा। एयरलाइन ने ग्राहकों से माफी मांगी और DGCA को बताया कि 8 दिसंबर तक देरी कम हो जाएगी और 10 फरवरी तक ऑपरेशंस को पूरी तरह स्थिर करने की उम्मीद है। एयरलाइन ने FDTL नॉर्म्स के दूसरे फेज़ को लागू करने में planning की गलतियों को भी रुकावटों की वजह माना है।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि आज रात 11:59 बजे तक इंडिगो की सभी उड़ानें रद्द रहेंगी। ग्राउंड टीम समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उड़ान रद्द होने से परेशान यात्रियों की मुश्किलें फिलहाल कम होती नहीं दिख रहीं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button