कलेक्ट्रेट में महिला कर्मचारियों के लिए विशेष कॉमन रूम और झूला घर का उद्घाटन

बिलासपुर, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर, बिलासपुर कलेक्ट्रेट परिसर में महिला कर्मचारियों के लिए एक विशेष कॉमन रूम और झूला घर का उद्घाटन किया गया। कलेक्टर अवनीश शरण ने इस अवसर पर सभी महिला कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं और बताया कि यह सुविधा वात्सल्य योजना के तहत बनाई गई है, जो महिला कर्मचारियों को उनके छोटे बच्चों की देखभाल करने के साथ-साथ अपने कार्यों को भी सुचारू रूप से करने में मदद करेगी।

इस कॉमन रूम में शिशुओं और माताओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, जहां वे अपने खाली समय में बैठ सकती हैं और बच्चों की देखभाल कर सकती हैं। इसके अलावा, एक मिनी आंगनबाड़ी सेंक्शन भी की गई है, जिसमें सहायिका की व्यवस्था भी की गई है, ताकि बच्चों को सही देखभाल मिल सके।

सिटी मजिस्ट्रेट रजनी भगत ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कई महिला कर्मचारी छोटे बच्चों के कारण काम के दौरान परेशान रहती थीं, लेकिन अब इस पहल से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।

महिला कर्मचारी अनिता ने कलेक्टर को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब महिलाएं आसानी से ऑफिस और घर की जिम्मेदारियों को समायोजित कर सकेंगी। वहीं, महिला कर्मचारी प्रीति राजगीर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनके लिए एक गिफ्ट के रूप में मिला झूला घर है, जिसकी वे लंबे समय से मांग कर रही थीं।

इससे पहले, कई अधिकारियों से इस विषय में चर्चा की गई थी, लेकिन कलेक्टर अवनीश शरण ने इसे गंभीरता से लेते हुए इसे साकार किया और महिला कर्मचारियों के लिए एक बड़ी सुविधा प्रदान की।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button