सद्गुरु कबीर चौक पर ‘सद्गुरु प्याऊ’ का शुभारंभ: 16 घड़ों से बुझेगी प्यास, खीर-पूड़ी प्रसाद वितरण में उमड़ी भीड़

बिलासपुर। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच बिलासपुर के सद्गुरु कबीर चौक पर मानव सेवा की अनूठी मिसाल देखने को मिली। संत कबीर दास जी की शिक्षाओं और पद्मश्री उदित मुनि नाम साहब की प्रेरणा से यहां ‘सद्गुरु प्याऊ’ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजजन और राहगीर शामिल हुए। उद्घाटन अवसर पर पूर्व मंत्री एवं शहर विधायक अमर अग्रवाल और महापौर पूजा विधानी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस प्याऊ में विशेष रूप से 16 मिट्टी के घड़े रखे गए हैं। आयोजकों के अनुसार ये 16 घड़े कबीर साहब के 16वें वंशज की स्मृति और सेवा परंपरा का प्रतीक हैं। यहां राहगीरों को निशुल्क ठंडा पानी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि तपती दोपहर में लोगों को राहत मिल सके।

पूर्णिमा के शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए खीर-पूड़ी के प्रसाद का वितरण भी किया गया। पूरे सद्गुरु कबीर चौक पर भक्ति, सेवा और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान कबीर पंथ की परंपराओं और मानव सेवा के महत्व पर भी चर्चा की गई।

इस मौके पर अमर अग्रवाल ने कहा कि जल सेवा सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति हमेशा जीव-दया और सेवा भावना पर आधारित रही है, लेकिन आधुनिक जीवनशैली में लोग इन परंपराओं को भूलते जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करने की अपील की।

कार्यक्रम में राकेश मानिकपुरी और महंत ईश्वर दास ने भी मानव सेवा को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताया। आयोजकों ने नगर निगम से सद्गुरु कबीर साहब की प्रतिमा स्थापित करने की मांग भी की, ताकि यह चौक आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बन सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई