रायपुर में 5 लाख से अधिक मतदाताओं के नामों में गड़बड़ी, 14 फरवरी तक सुधार का अंतिम अवसर

रायपुर जिले में मतदाता सूची में बड़ी संख्या में गड़बड़ियां सामने आई हैं। करीब 5 लाख 42 हजार मतदाताओं को अपने दस्तावेजों और व्यक्तिगत विवरण का सत्यापन कराना जरूरी है। इनमें बड़ी संख्या ऐसे मतदाताओं की है, जिनके नाम, उम्र, पिता का नाम, लिंग या अन्य जानकारियों में त्रुटियां दर्ज हैं।

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, करीब 4 लाख 22 हजार मतदाताओं की जानकारी में गलतियां पाई गई हैं, जबकि लगभग 1 लाख 33 हजार मतदाताओं के वर्ष 2003 और 2025 के दस्तावेज आपस में मेल नहीं खा रहे हैं। ऐसे मतदाताओं को 14 फरवरी तक अपनी जानकारी सही कराने का अवसर दिया गया है।

प्रशासन का दावा है कि लगभग 90 प्रतिशत प्रभावित मतदाताओं तक सूचना और नोटिस पहुंचा दिए गए हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग अभी तक सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं हो रहे हैं। इस कारण रायपुर जिला राज्य में सबसे अधिक नाम कटने वाले जिलों में शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।

रायपुर जिले की सात विधानसभा सीटों में कुल लगभग 18 लाख 92 हजार मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 5 लाख 42 हजार मतदाताओं को दस्तावेजों के साथ सत्यापन कराना है, जबकि शेष मतदाताओं के नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में बिना किसी विवाद के शामिल किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि गड़बड़ी वाले मामलों में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया है, उन्हें 14 फरवरी तक अपनी त्रुटियां सुधारनी होंगी। इसके बाद 15 से 20 फरवरी तक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी और 21 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।

अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराएं, ताकि भविष्य में मतदान के अधिकार से वंचित होने की स्थिति न बने। तय समय के बाद किसी भी प्रकार के सुधार का अवसर नहीं दिया जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई