मैहर में युवक ने वीडियो बनाकर फांसी लगाई, प्रताड़ना और वसूली के आरोप

मैहर के अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम कटहा गाल निवासी युवक अनंतराम पटेल ने आत्महत्या कर ली। युवक ने साड़ी का फंदा बनाकर सड़क किनारे पेड़ पर फांसी लगाने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे इंटरनेट मीडिया पर साझा किया। मृतक ने चार पन्नों का सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें कुछ लोगों और पुलिसकर्मियों पर मानसिक, आर्थिक और सामाजिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
युवक ने सुसाइड नोट में लिखा है कि रामगोपाल कोल, उनकी बेटी रेशमा कोल, बहन सुधा कोल और परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा लंबे समय से उस पर दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि झूठे केस में फंसाने और बदनाम करने की धमकी देकर उससे करीब छह लाख रुपये से अधिक की रकम वसूली गई। नोट में यह भी उल्लेख है कि फोन-पे और नकद माध्यम से अलग-अलग समय पर पैसे लिए गए, साथ ही मोबाइल फोन भी लिया गया।
सुसाइड नोट में कुछ पुलिसकर्मियों पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मृतक के अनुसार, केस से बचाने के नाम पर पुलिसकर्मियों ने उससे पहले एक लाख और बाद में दो लाख रुपये की मांग की। डर और दबाव के कारण उसने यह रकम भी दे दी, लेकिन इसके बावजूद उससे लगातार और पैसों की मांग की जाती रही।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध किया। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की समझाइश के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस का कहना है कि युवक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट और वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पैसों के लेन-देन की जांच के लिए बैंक को पत्र लिखा गया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।





