बिलासपुर में महिला ने पति और ससुराल वालों पर जबरन धर्मांतरण का लगाया आरोप

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भारतीय नगर की रहने वाली पूजा सोनी (38) ने पति दुर्गेश सोनी और ससुराल वालों पर जबरन धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया है। पूजा का कहना है कि उसकी शादी छह साल पहले हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी, लेकिन बाद में पता चला कि पति और उनका पूरा परिवार पहले ही ईसाई धर्म अपना चुका है। शादी के समय यह बात उससे छुपाई गई थी।
पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद शुरू में उसे घर पर पूजा-पाठ करने से नहीं रोका गया, लेकिन धीरे-धीरे परिवार वाले उसे हिंदू धर्म के खिलाफ भड़काने लगे और चर्च जाने के लिए दबाव बनाने लगे। पहले उसे बरगलाने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बनने पर पति और ससुराल वालों ने मारपीट करना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसकी तीन साल की बेटी को भी धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जाने लगा।
लगातार प्रताड़ना से तंग आकर पूजा ने हिंदू संगठनों से मदद मांगी और फिर सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पूजा ने आरोप लगाया कि पिछले छह साल से उसे और उसकी बेटी को जबरन धर्मांतरण के लिए दबाव और हिंसा का सामना करना पड़ रहा था।




