मालीडीह गांव में वन विभाग द्वारा अवैध सागौन की लकड़ी जब्त, 1 आरोपी पकड़ा गया

बारनवापारा। राज्य में वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर वन अपराधों के खिलाफ लगातार सख़्ती की जा रही है। इसी के तहत बारनवापारा परियोजना मंडल और पुलिस की संयुक्त टीम ने रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र के मालीडीह गांव में बड़ी कार्रवाई की।

मुखबिर से मिली सूचना पर उपमंडल प्रबंधक महासमुंद ने सर्च वारंट जारी किया। इसके बाद रविवार को मालीडीह गांव में छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान एक आरोपी के घर से 75 नग सागौन की लकड़ी बरामद की गई, जिसकी मात्रा लगभग 0.418 घन मीटर और कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।

पूछताछ के दौरान आरोपी लकड़ी के कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया। इसलिए उसके खिलाफ भारतीय काष्ठ चिरान वन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। बरामद लकड़ी को कोडार डिपो भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में वनपाल एच.आर. पैकरा, उड़नदस्ता प्रभारी ए.के. खुमरी, उपक्षेत्रपाल लोकेश साहू सहित कई अधिकारी और तुमगांव पुलिस की टीम मौजूद रही।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button