सिरगिट्टी में अवैध महुआ शराब पर बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार

सिरगिट्टी/बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरगिट्टी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए कच्ची महुआ शराब बेच रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 33 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6,600 रुपये बताई जा रही है।
पहली कार्रवाई ग्राम पोड़ी के बाजार चौक में की गई, जहां मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर रमेश दास मानिकपुरी को पकड़ा। आरोपी सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में 21 लीटर कच्ची महुआ शराब छिपाकर बिक्री की तैयारी में था।
वहीं दूसरी कार्रवाई ग्राम सिलपहरी के गुड़ी मोहल्ला में हुई, जहां प्रेम कुमार धीरज को पीले रंग के थैले में 11 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।





