30 रुपये के लालच में घर बना अवैध गैस गोदाम, छापेमारी में 32 सिलेंडर जब्त

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में प्रशासन ने अवैध गैस भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक घर से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने थाना देहात क्षेत्र के असौड़ा गांव में छापेमारी कर एक घर से 32 गैस सिलेंडर जब्त किए। इनमें 18 भरे हुए और 14 खाली सिलेंडर शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार आरोपी रिहान अहमद अपने घर में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण कर रहा था और उन्हें अधिक दाम पर बेचकर प्रति सिलेंडर लगभग 30 रुपये का अतिरिक्त मुनाफा कमा रहा था। घनी आबादी वाले इलाके में इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर रखना सुरक्षा की दृष्टि से भी बड़ा खतरा माना जा रहा था।

जिला पूर्ति अधिकारी सीमा बालियान ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर अवैध भंडारण और कालाबाजारी रोकने के लिए टीमें लगातार जांच कर रही हैं। इसी दौरान सूचना मिली कि असौड़ा गांव के फूटा कुआं क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने घर में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर जमा कर रखे हुए है। सूचना मिलने पर पूर्ति निरीक्षक और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

छापे के दौरान घर के अंदर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर पाए गए, जिन्हें बिना किसी वैध अनुमति के रखा गया था। अधिकारियों के मुताबिक इतने सिलेंडरों का अवैध भंडारण किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता था।

इस मामले में पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर थाना देहात कोतवाली में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और बरामद सभी सिलेंडरों को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे गैस सिलेंडर सीधे अधिकृत एजेंसी से ही लें और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई