आईएएस विकासशील होंगे छत्तीसगढ़ के नये मुख्य सचिव!

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रशासन में बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। 1994 बैच के आईएएस अधिकारी विकासशील को राज्य का नया मुख्य सचिव (Chief Secretary) बनाए जाने की संभावना है। वे वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन की जगह लेंगे। अमिताभ जैन का कार्यकाल 30 सितंबर को समाप्त हो रहा है। उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद तीन महीने का एक्सटेंशन मिला था, जो अब खत्म हो जाएगा।
विकासशील 2018 से केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत थे। वहां वे एशियाई विकास बैंक (ADB) में कार्यकारी निदेशक के पद पर थे। हाल ही में उनकी जगह एल. श्रीनिवास को नया कार्यकारी निदेशक बनाया गया है। इसके बाद विकासशील का छत्तीसगढ़ लौटना तय हो गया है और उनके मुख्य सचिव बनने की संभावना लगभग पक्की मानी जा रही है।
विकासशील मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभाजन से पहले वे एमपी कैडर में थे। साल 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद वे यहीं आ गए। अपने प्रशासनिक करियर में वे बिलासपुर और रायपुर जैसे बड़े जिलों के कलेक्टर रह चुके हैं और उन्हें एक कुशल व सख्त प्रशासक के रूप में जाना जाता है।
मुख्य सचिव के तौर पर विकासशील की नियुक्ति को राज्य प्रशासन में अहम बदलाव माना जा रहा है। उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में प्रशासनिक कामकाज में नई ऊर्जा और दक्षता आएगी। वहीं, अमिताभ जैन ने अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण निर्णयों और योजनाओं को आगे बढ़ाया।





