पति की साजिश: मैरिज ब्यूरो चलाने वाली महिला ने अपने ही पति की दूसरी शादी करवा दी, दोनों गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति की ही दूसरी शादी करवा दी। खास बात यह रही कि महिला खुद एक मैरिज ब्यूरो चलाती है। उसने एक युवती को अपने पति की झूठी प्रोफाइल भेजी और उसे टीचर बताकर शादी के लिए राज़ी कर लिया।

ये मामला सकरी थाना क्षेत्र का है। पीड़ित युवती दमयंती चौधरी, जो जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण की रहने वाली है, ने बताया कि उसे शादी करनी थी। इसके लिए वह मैरिज ब्यूरो से संपर्क में थी। अमेरी में रहने वाली चित्रा चौधरी ने खुद को मैरिज ब्यूरो संचालक बताते हुए उसे कुछ लड़कों के प्रोफाइल भेजे। पहले तो युवती को कोई पसंद नहीं आया, लेकिन फिर चित्रा ने संजय चौधरी नाम के युवक का प्रोफाइल भेजा, जिसे नवोदय विद्यालय में टीचर बताया गया।

दमयंती को यह रिश्ता पसंद आया और दोनों की शादी हो गई। लेकिन शादी के करीब 11 महीने बाद उसे सच्चाई का पता चला कि ना तो संजय कोई टीचर है और ना ही उसकी दी गई जानकारी सही थी। जब दमयंती को यह धोखा समझ में आया, तो उसने सकरी थाने में इसकी शिकायत की।

थाना प्रभारी प्रदीप आर्या ने बताया कि युवती की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया था। आरोपी चित्रा और उसका पति संजय सिंह दो दिन तक फरार रहे। इसके बाद रविवार को पुलिस ने अमेरी स्थित उनके घर में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों को रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले ने मैरिज ब्यूरो पर भरोसे को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button