बिल्हा बीईओ ऑफिस से गायब हुईं सैकड़ों शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाएं, डीईओ ने दिए जांच के निर्देश

बिलासपुर
बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड शिक्षा कार्यालय में बड़ी लापरवाही सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, बीईओ ऑफिस से लगभग साढ़े तीन सौ शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाएं गायब हो गई हैं, जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) अनिल तिवारी ने कुछ दिन पहले बीईओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने पाया कि कई शिक्षक नियमों के विरुद्ध अपनी सेवा पुस्तिकाएं घर ले गए हैं, जबकि कई दस्तावेज कार्यालय में मौजूद ही नहीं थे।
डीईओ ने आदेश दिया था कि सभी शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाओं का संधारण कर उन्हें क्रमांकित किया जाए। जब यह काम शुरू हुआ तो खुलासा हुआ कि करीब 350 से अधिक सेवा पुस्तिकाएं बीईओ ऑफिस में मौजूद ही नहीं हैं।
डीईओ अनिल तिवारी ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में पूरी रिपोर्ट 15 मई तक मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
बिल्हा ब्लॉक के अंतर्गत करीब 2300 शिक्षक कार्यरत हैं, जिनमें प्रधान पाठक, शिक्षक, सहायक शिक्षक और ऑफिस स्टाफ शामिल हैं। इस बड़ी संख्या को देखते हुए सेवा पुस्तिकाओं का गायब होना गंभीर चिंता का विषय है।
डीईओ अनिल तिवारी ने कहा,
“सेवा पुस्तिका शिक्षकों का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी बीईओ कार्यालय की है। हमने जांच शुरू कर दी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में इस लापरवाही पर शिक्षा विभाग क्या ठोस कदम उठाता है।





