छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रेलर से टकराई कार, 5 लोगों की मौके पर मौत

जशपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) पर शनिवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। पतराटोली के पास एक तेज रफ्तार कार खड़े ट्रेलर से टकरा गई, जिसमें मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा 6 दिसंबर की देर रात हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल पैदा कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मृतक सभी चराईडांड़ इलाके के रहने वाले थे और एक सांस्कृतिक कार्यक्रम देखकर घर लौट रहे थे। देर रात घर पहुंचने की जल्दबाजी में कार तेज रफ्तार में चलाई जा रही थी। अचानक सामने खड़े ट्रेलर को देखकर ड्राइवर संतुलन नहीं रख पाया और कार जोरदार तरीके से ट्रेलर के पीछे जा घुसी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाका जैसा जोरदार आवाज सुनकर लोग मौके पर दौड़े लेकिन तब तक कार में फंसे सभी लोग दम तोड़ चुके थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बड़ी मुश्किल से शवों को कार से बाहर निकाला। फिर सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि पीड़ितों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के लोगों का कहना है कि हाईवे पर खड़े भारी वाहनों के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ऐसे वाहनों के लिए चिन्हांकन या चेतावनी संकेत नहीं होने की वजह से यह खतरा और बढ़ जाता है।

यह हादसा फिर एक बार तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी के खतरनाक परिणामों को उजागर करता है। पांच युवा जानें एक झटके में खत्म हो गईं, जिससे पूरा गांव शोक में डूबा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button