NH में भीषण हादसा, टायर फटने से ट्रक में लगी आग, चालक की मौत

दिल्ली। बिहार के बक्सर जिले में सोमवार सुबह पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-922) पर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। नया भोजपुर थाना क्षेत्र के भोजपुर कोठी के पास बालू लदा एक ट्रक टायर फटने से अनियंत्रित होकर एक खड़े टेलर में जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक और टेलर के पिछले हिस्से में भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त ट्रक चालक रविंद्र कुमार (निवासी – चेहरी गांव, थाना महाराजगंज, यूपी) केबिन में फंसे रह गए और जिंदा जल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक का टायर अचानक फटा जिससे ट्रक ने संतुलन खो दिया और सीधे टेलर से जा भिड़ा।
दमकल की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आग पर काबू पाने में लगभग एक घंटा लग गया। जब तक आग बुझी, चालक की मौत हो चुकी थी और शव पूरी तरह जल चुका था। इस हादसे से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और ट्रक चालकों में दहशत फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण टायर फटना और तेज रफ्तार माना जा रहा है।




