High profile gambling: बिलासपुर में हाईप्रोफाइल जुआ फड़ पर पुलिस का छापा, BMW और थार समेत 45 लाख का माल बरामद…
रईसजादों के शौक पर भारी पड़ी पुलिस की रेड: महंगी गाड़ियों में जुआ खेलने पहुंचे 9 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर पुलिस ने शहर के पॉश इलाके में संचालित हो रहे एक (High profile gambling) हाईप्रोफाइल जुआ अड्डे पर बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए जुआरियों के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। सिविल लाइन थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। रेड के दौरान पुलिस ने मौके से 9 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जो शहर के रईस घरानों से ताल्लुक रखते हैं।
महंगी गाड़ियों में जुआ खेलने पहुंचे 9 आरोपी गिरफ्तार (High profile gambling)
कार्रवाई की खास बात यह रही कि ये जुआरी अपनी लग्जरी गाड़ियों में सवार होकर दांव लगाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस की घेराबंदी ने उन्हें भागने का मौका नहीं दिया। मौके से पुलिस ने 84 हजार 400 रुपए नकद और 13 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बरामदगी जुआरियों की गाड़ियाँ रही, जिनमें BMW X1, थार, क्रेटा और ग्लैंजा जैसी महंगी चार पहिया वाहन शामिल हैं। जब्त की गई कुल संपत्ति की बाजार में कीमत करीब 45 लाख 84 हजार 400 रुपए आंकी गई है। फिलहाल, पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हाईप्रोफाइल नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हुए हैं.





