तमिलनाडु में भारी बारिश: स्कूल-कॉलेज बंद, चक्रवात दितवाह को लेकर अलर्ट जारी

तमिलनाडु। चक्रवात दितवाह के खतरे के चलते तमिलनाडु के प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश और जलभराव की आशंका के कारण चेन्नई, तिरुवल्लूर और कांचीपुरम जिलों में स्कूल और कॉलेज सोमवार से बंद कर दिए गए हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरत यात्रा न करें और राज्य सरकार एवं डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसियों द्वारा जारी सलाह का पालन करें।
राज्य के डिजास्टर मैनेजमेंट मिनिस्टर केकेएसएसआर रामचंद्रन ने बताया कि अब तक तीन लोगों की मौत इस मौसम के कारण हो चुकी है। प्रशासन ने शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी, सड़क सुरक्षा और राहत कार्यों के लिए सभी संसाधन सक्रिय कर दिए हैं।
श्रीलंका में दितवाह चक्रवात की वजह से भारी तबाही मची है। वहां अब तक 334 लोगों की मौत हो चुकी है और कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। भारत ने श्रीलंका को ऑपरेशन सागर बंधु के तहत 53 टन राहत सामग्री भेजी।
इसमें खाद्य सामग्री, दवा और आवश्यक राहत सामग्री शामिल है। भारतीय नौसेना के INS विक्रांत के चेतक हेलीकॉप्टर और वायु सेना के MI-17 हेलीकॉप्टरों ने श्रीलंकाई वायु सेना के साथ मिलकर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन किया। इस ऑपरेशन में गर्भवती महिलाएं, बच्चे और गंभीर रूप से घायल लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए।
28 नवंबर को भारत ने साइक्लोन के मद्देनजर तुरंत मानवीय सहायता और आपदा राहत (HADR) के लिए ऑपरेशन सागर बंधु शुरू किया। इस दौरान राहत कार्य में भारत के साथ-साथ जर्मनी, स्लोवेनिया, यूनाइटेड किंगडम, दक्षिण अफ्रीका, पोलैंड, बेलारूस, ईरान, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान और बांग्लादेश के नागरिक भी शामिल थे।
तमिलनाडु में लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है। मौसम विभाग ने भी कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए हैं और भविष्य में भारी बारिश व जलभराव के लिए तैयार रहने को कहा है।





