दिल्ली, यूपी और बिहार में जोरदार बारिश, कई राज्यों में अलर्ट जारी

दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार शाम जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग ने पहले ही ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। शाम 7 बजे के बाद दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में तेज़ बारिश शुरू हो गई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। गुरुवार को भी बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। तापमान 24 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 11 से 15 जुलाई तक दिल्ली में रुक-रुककर बारिश जारी रहेगी।
उत्तर प्रदेश में तेज बारिश और वज्रपात की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 10 जुलाई को पश्चिमी यूपी में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना जताई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कुछ जगहों पर बिजली गिरने और हल्की बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अगले 5 दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, हालांकि अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा।
बिहार में गर्मी के बीच बारिश से मिली राहत
बिहार में पिछले कुछ दिनों से गर्मी से लोग परेशान थे। लेकिन बुधवार रात करीब 9 बजे तेज बारिश ने लोगों को राहत दी। हालांकि अब भी तापमान में नमी बनी हुई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना जताई है, जिससे मौसम सुहावना बना रह सकता है।
इन राज्यों में अलर्ट: ओडिशा, झारखंड, बंगाल, छत्तीसगढ़
आईएमडी ने 10 से 15 जुलाई तक ओडिशा, झारखंड, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।





