बोदरी व बिल्हा में झमाझम, बिलासपुर शहर में कम

बिलासपुर।बोदरी व बिल्हा तहसील में झमाझम बारिश रिकार्ड की गई है, वहीं बिलासपुर शहर में कम बारिश दर्ज की गई। नतीजा दिन के तापमान में वृद्धि हुई है। सोमवार को दिनभर मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहा। जिले के कई तहसील में बारिश दर्ज की गई। एक दिन पहले भी रविवार को हल्की बारिश हुई थी।

सबसे ज्यादा बोदरी तहसील में 29 मिलीमीटर पानी गिरा था। बिल्हा में 13, सीपत व तखतपुर में आठ-आठ मिलीमीटर बारिश हुई थी। इसके मुकाबले शहर में मात्र एक मिलीमीटर पानी गिरा था। जिलेभर में 64.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। ऐसा ही कुछ हाल सोमवार को भी रहा। खंडवर्षा जैसी स्थिति थी। पहाड़ी क्षेत्र जीपीएम में सावन जैसा माहौल था। कोटा क्षेत्र से लेकर बेलगहना में अच्छी बारिश दर्ज की गई।

मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की पश्चिमी राजस्थान के कुछ भाग और कच्छ से 23 सितंबर को विदाई हो गई है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ और भाग, पंजाब के कुछ भाग, हरियाणा और गुजरात से अगले 24 घंटे में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के लिए अनुकूल परिस्थितियों बनी हुई है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है, इसके प्रभाव से एक निम्न दाब का क्षेत्र पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास बनने की संभावना है। जिसके प्रभाव से अगले कुछ दिन प्रदेश में वर्षा का अनुमान है।

अंचल में हल्की वर्षा का अनुमान

प्रदेश में 24 सितंबर को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पढ़ने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने और वज्रपात होने की आशंका है। भारी बारिश का संभावित क्षेत्र मुख्य रूप से बस्तर संभाग और उससे लगे जिलों में अगले दो दिनों तक रहेगा। बिलासपुर में हल्की बारिश का अनुमान है।

दिन व रात का तापमान ज्यादा

बिलासपुर में अभी दिन और रात का तापमान सामान्य से ज्यादा है। दिन में जहां एक दिन पहले तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था तो वहीं आज पारा 35 डिग्री के आसपास पहुंच गया। जो सामान्य से 2.2 डिग्री था। इसी तरह रात में भी गर्मी व उमस महसूस हो रहा है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

प्रमुख शहरों का तापमान

शहर अधिकतम न्यूनतम

बिलासपुर 34.3 25.8

पेंड्रारोड 33.8 24.2

अंबिकापुर 33.8 22.8

माना 34.0 25.4

जगदलपुर 32.7 23.1

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button