रायपुर में झमाझम बारिश से मिली गर्मी से राहत, कई जिलों में बारिश का अलर्ट

रायपुर। राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में रविवार को अचानक मौसम बदला और तेज बारिश हुई। इस बारिश से लोगों को तपती गर्मी से बड़ी राहत मिली है। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
रविवार को रायपुर का तापमान लगभग 35 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अब मानसून की दस्तक लगभग हो चुकी है और कई जिलों में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है।
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। हालांकि अब तक छत्तीसगढ़ में औसतन सिर्फ 3.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें बढ़ोतरी की उम्मीद है।
बारिश और ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के कई इलाकों में गर्मी से राहत मिली है और अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई है। रविवार को हुई बारिश के बाद मौसम में ठंडक घुल गई है, जिससे लोगों को गर्मी की परेशानी से कुछ राहत मिली है।





