देश के 12 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट, हिमाचल के 4 जिलों में स्कूल बंद

दिल्ली। देशभर में मानसून सक्रिय है और मौसम विभाग ने आज 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड और झारखंड में रेड अलर्ट, जबकि मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार समेत 12 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 17 राज्यों में यलो अलर्ट है।
राजस्थान में 5 की मौत, कार बह गई
राजस्थान में रविवार को तेज बारिश के दौरान बिजली गिरने और डूबने से 5 लोगों की मौत हो गई। सिरोही में एक कार नाले में बह गई, हालांकि ग्रामीणों ने ड्राइवर को सुरक्षित निकाल लिया। मानसून ने पूरे राजस्थान को कवर कर लिया है और अब पाकिस्तान की ओर बढ़ गया है।
हिमाचल में स्कूल बंद, 20 की मौत
हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश के कारण मंडी, कुल्लू समेत 4 जिलों में स्कूल सोमवार को बंद कर दिए गए हैं। राज्य में अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 20 लोगों की मौत हो चुकी है।
उत्तराखंड, ओडिशा में अलर्ट
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बादल फटने से 2 की मौत हो गई। चारधाम यात्रा सुरक्षा कारणों से एक दिन के लिए रोक दी गई है। ओडिशा में कई नदियों का जलस्तर बढ़ा है, जिससे बाढ़ की स्थिति बन सकती है।
देश के अन्य हिस्सों में बारिश
- दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ में तेज बारिश की संभावना है। यहां तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
- असम, मेघालय, सिक्किम समेत पूर्वोत्तर राज्यों में बहुत ज्यादा बारिश का रेड अलर्ट रहेगा। मेघालय में लैंडस्लाइड और असम में बाढ़ की स्थिति बन सकती है।
- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में 1-3 जुलाई तक बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी है। दोनों राज्यों के कुछ जिलों में 24 घंटे में 4.5 इंच तक बारिश हो सकती है।
- केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना जैसे तटीय राज्यों में ऑरेंज अलर्ट रह सकता है। केरल के थ्रिसुर, मलप्पुरम, और कोझिकोड जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना है।
- बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट जारी है। महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा में भी बारिश की स्थिति बनी रहेगी।





