बिलासपुर में गर्मी से मिली राहत, दोपहर बाद बदले मौसम ने दिलाई सुकून की सांस

 बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रविवार को तेज गर्मी और उमस से परेशान बिलासपुर वासियों को दोपहर के बाद मौसम ने राहत की फुहार दी। जहां एक ओर लोग चिलचिलाती धूप और गर्म हवा से बेहाल हो चुके थे, वहीं अचानक मौसम के बदले मिजाज ने सभी को चौंका दिया और सुकून पहुंचाया।

दोपहर करीब 2 बजे के आसपास अचानक आसमान में काले बादल छा गए और मध्यम गति से ठंडी हवाएं चलने लगीं। इसके कुछ ही देर बाद शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई। गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए यह बारिश किसी राहत से कम नहीं रही। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने मौसम के इस बदले रूप का आनंद लिया।

हालांकि बारिश बहुत ज्यादा देर तक नहीं टिकी, लेकिन जितनी देर हुई, उतनी ही राहत भरी रही। तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने कुछ समय के लिए गर्मी से राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से गर्मी ने परेशान कर रखा था, ऐसे में यह बदलाव मौसम की तरफ से किसी वरदान जैसा महसूस हुआ।

प्री मानसून से और मिलेगी राहत

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम में और भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। फिलहाल बादलों के छंटते ही मौसम फिर से सामान्य स्थिति में आ गया है, लेकिन लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में प्री-मानसूनी बारिश और तेज हवाओं से गर्मी से कुछ और राहत मिलेगी। फिलहाल शहरवासियों के लिए रविवार की दोपहर थोड़ी देर की ही सही, पर ठंडक और राहत लेकर आई।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button