हनुमान जन्मोत्सव की धूम : बिलासपुर में तैयारियां जोरों पर

बिलासपुर: चैत्र मास की शुक्ल पूर्णिमा पर इस वर्ष शनिवार, 12 अप्रैल को पूरे देश में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, संकट मोचन हनुमान आज भी इस धरती पर विद्यमान हैं और सच्चे मन से की गई उनकी आराधना से जीवन के संकट दूर होते हैं। हिंदू धर्म में उन्हें अष्ट सिद्धियों और नौ निधियों का वरदान प्राप्त है, जिससे वे अपने भक्तों को सुख, शांति और सुरक्षा प्रदान करते हैं।
बिलासपुर के मंदिरों में चल रही भव्य तैयारियां
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में भी हनुमान जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। देवकीनंदन चौक स्थित हनुमान मंदिर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। मंदिर में 12 अप्रैल की सुबह 5:00 बजे से लेकर रात 12:00 बजे तक पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया है। भगवान को फूलों और रोशनी से सजाया जाएगा और पूरे दिन भक्तों की आवाजाही बनी रहेगी। मंदिर समिति के सचिव के अनुसार, इस दिन लगभग 40 से 50 हजार श्रद्धालुओं के दर्शन करने की संभावना है।
भंडारा, सुंदरकांड और विशेष पूजा की व्यवस्था
भक्तों के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई है, जिसमें पूजा के बाद भोग प्रसाद का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी मंदिर परिसर में किया जाएगा। समिति द्वारा भक्तों की सुविधा के लिए विशेष सुरक्षा, पेयजल और बैठने की व्यवस्था की गई है।
चैत्र पूर्णिमा की तिथि 12 अप्रैल को सुबह 3:20 बजे से शुरू होकर 13 अप्रैल को सुबह 5:52 बजे तक रहेगी, ऐसे में 12 अप्रैल को यह पर्व पूरे उत्साह और भक्ति के साथ मनाय जाएगा।





