सिद्धि विनायक कॉलोनी में लटकते हाईटेंशन तार बने खतरा, बांस के सहारे टिका सिस्टम

बिलासपुर। तिफरा जोन के वार्ड क्रमांक 04 स्थित सिद्धि विनायक कॉलोनी में लटकते हाईटेंशन तार लोगों के लिए जान का खतरा बन चुके हैं। बिजली विभाग की लापरवाही के चलते कॉलोनीवासियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
कॉलोनी में घरों के ऊपर से गुजरते हाईटेंशन तारों से हर वक्त हादसे का डर बना रहता है। हैरानी की बात ये है कि इन तारों को बांस के सहारे टिकाकर अस्थायी रूप से संभाला गया है। जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वर्षों से विभाग को शिकायतें दी जा रही हैं, लेकिन आज तक न तार हटाए गए और न ही स्थायी खंभों की व्यवस्था की गई। हालात इतने खराब हैं कि तारों से चिंगारियां निकलते भी देखी गई हैं, जिससे घरों में डर का माहौल है।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिजन खासे चिंतित हैं, क्योंकि खेलते वक्त उन्हें तारों के पास जाने से रोकना मुश्किल हो जाता है।
लोगों ने बताया कि अब तक कई बार विभाग को सूचना दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब कॉलोनीवासी मीडिया के जरिए अपनी बात पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि जिम्मेदारों की नींद खुले और समय रहते किसी अनहोनी को रोका जा सके।
स्थानीय लोगों की मांग है कि बिजली विभाग जल्द से जल्द स्थायी समाधान निकाले, वरना वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।





