हरियाली संकट: पौधों की पुकार – हमें एसी नहीं, बस पानी चाहिए!

बिलासपुर। शहर को हरा-भरा और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने करोड़ों रुपये खर्च कर मुख्य सड़कों के डिवाइडरों पर पौधे लगाए थे। तिफरा फ्लाईओवर, रिवर व्यू रोड, मंदिर चौक से लेकर राजीव गांधी चौक तक हर प्रमुख मार्ग पर हरियाली की कोशिश की गई थी।

शुरुआत में यह पौधे शहर की खूबसूरती को निखारते दिखे, लेकिन अब इनकी हालत खराब होती जा रही है। गर्मी का तापमान 40 से 43 डिग्री तक पहुंच गया है और प्रदूषण भी बढ़ रहा है। ऐसे में पानी की कमी और देखभाल के अभाव में डिवाइडर के पौधे सूखने लगे हैं। कई पौधे मुरझा गए हैं और कुछ पूरी तरह खत्म हो चुके हैं।

इन सूखे पौधों की हालत देखकर ऐसा लगता है जैसे वे कह रहे हों – “तुम इंसानों के पास एसी और कूलर है, लेकिन हमें तो बस थोड़ा पानी चाहिए। बदले में हम तुम्हें ऑक्सीजन, छांव और स्वच्छ वातावरण देंगे।”

नगर निगम ने पौधे तो लगा दिए, लेकिन उनकी देखभाल करना भूल गया। अगर समय रहते इन्हें पानी नहीं दिया गया, तो न केवल लाखों रुपये बर्बाद होंगे, बल्कि शहर की हरियाली का सपना भी टूट जाएगा।

यह केवल एक पर्यावरण की समस्या नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का भी नमूना है। ज़रूरत है कि योजनाएं सिर्फ कागजों पर नहीं, ज़मीन पर भी साकार दिखें। पौधे लगाना ही काफी नहीं, उनकी देखभाल करना भी उतना ही ज़रूरी है।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button