जंग के बीच भारत को बड़ी राहत, होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर कच्चे तेल से भरा जहाज मुंबई पहुंचा

मध्य पूर्व में ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत के लिए राहत की खबर सामने आई है। सऊदी अरब से कच्चा तेल लेकर एक बड़ा तेल टैंकर सुरक्षित रूप से मुंबई पहुंच गया है। यह जहाज खतरनाक माने जाने वाले होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करके भारत तक पहुंचा है।
यह जहाज सऊदी अरब के रास तुनारा पोर्ट से कच्चा तेल लेकर रवाना हुआ था। जहाज पर लाइबेरिया का झंडा लगा हुआ था और इसका कप्तान भारतीय था। शेनलोंग नाम का यह टैंकर सुएजमैक्स श्रेणी का जहाज है, जो लगभग 1,35,335 मीट्रिक टन कच्चा तेल लेकर भारत पहुंचा है।
मध्य पूर्व में युद्ध जैसे हालात के कारण समुद्री मार्गों पर खतरा लगातार बढ़ रहा है। कई जहाजों पर हमलों की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिसके कारण तेल की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे माहौल में इस जहाज का सुरक्षित भारत पहुंचना देश की ऊर्जा आपूर्ति के लिए अहम माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक एक और तेल टैंकर भी भारत की ओर आ रहा है। इससे संकेत मिलते हैं कि युद्ध के बावजूद भारत को तेल की आपूर्ति बनाए रखने की कोशिश जारी है। मुंबई पहुंचने के बाद जहाज को बंदरगाह पर डॉक किया गया, जहां से कच्चा तेल पूर्वी मुंबई के माहुल इलाके में स्थित रिफाइनरियों तक पहुंचाया जाएगा।
संवेदनशील समुद्री क्षेत्र से गुजरते समय सुरक्षा कारणों से जहाज ने कुछ समय के लिए अपना एआईएस ट्रैकिंग सिस्टम बंद कर दिया था। यह सिस्टम जहाज की लोकेशन बताने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। बाद में 9 मार्च को जहाज ने दोबारा अपना ट्रैकिंग सिस्टम चालू किया और इसके बाद यह सुरक्षित रूप से भारत पहुंच गया।





