दुर्ग-भिलाई में महाशिवरात्रि पर भव्य आयोजन, शिवनाथ सरोवर में मुख्य कार्यक्रम

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर दुर्ग-भिलाई के मंदिरों में आज विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। भिलाई के बैकुंठधाम मंदिर, रुक्खड़नाथ मंदिर और अन्य शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दुर्ग में शिवनाथ नदी स्थित शिव मंदिर समेत अन्य स्थानों पर भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
दुर्ग नगर निगम ने महाशिवरात्रि की तैयारियां तेज कर दी हैं। समिति की बैठक में 15 फरवरी को होने वाले महाशिवरात्रि आयोजन और वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। इस साल महाशिवरात्रि का मुख्य आयोजन शिवनाथ सरोवर में किया जाएगा।
मंदिरों में आयोजन को भव्य बनाने के लिए धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों, झांकियों और जनसहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा। शहर के सभी वार्डों में मंदिरों के जीर्णोद्धार, रंग-रोगन, प्रकाश व्यवस्था और सफाई अभियान चलाया जाएगा।
भिलाई में भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली जाएगी। यह बारात 15 फरवरी को आयोजित होगी और इसे एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड व इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। बारात में अलग-अलग राज्यों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। लगभग 4 हजार कलाकार राम, रावण, विभीषण, किन्नर, भूत-पिशाच और राक्षस वेशभूषा में शामिल होंगे।
केरल की झांकियों में शिव विवाह और देवी-देवताओं की झलक दिखाई देगी। बारात दोपहर 2 बजे इंदिरा नगर हथखोज, वार्ड नंबर 1 से रवाना होगी। पूजा-अर्चना राम जानकी शिव मंदिर में होगी। इसके बाद बारात ट्रांसपोर्ट नगर, केनाल रोड, कार्तिकेय चौक, बोलबम चौक, नंदी तिराहा, जोन-1 शिव मंदिर, जोन-2 श्रीराम चौक होते हुए दुर्गा मैदान, खुर्सीपार में विवाह स्थल पर समाप्त होगी।
महाशिवरात्रि के दिन भिलाई शहर हर-हर महादेव, जय श्रीराम और बोल बम के जयकारों से गूंज उठेगा।





