किसानों के लिए खुशखबरी: सूरजपुर में सस्ते और अच्छे पौधे तैयार कर रही सरकार, सीडलिंग यूनिट से मिल रहा फायदा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने और खेती को आसान बनाने के लिए नए-नए तरीके अपना रही है। इसी कड़ी में सूरजपुर जिले में बनाए गए मिनी प्लग टाइप सीडलिंग यूनिट किसानों के लिए बड़ी मदद साबित हो रहे हैं।
ये यूनिटें शासकीय उद्यान दतिमा और खोरमा में बनी हैं। यहां हर साल करीब 20 लाख पौधे तैयार होते हैं। इनमें करेला, टमाटर, बैंगन, गेंदा, मिर्च, फूलगोभी, पत्तागोभी, खीरा और तरबूज जैसी कई सब्जियों और फूलों के पौधे उगाए जाते हैं।
यहां से किसानों को कीट और बीमारी से मुक्त, स्वस्थ और मजबूत पौधे मिलते हैं। अगर किसान खुद का बीज लाते हैं तो उन्हें सिर्फ 1 रुपये प्रति पौधा में पौधे मिल जाते हैं। अगर बीज विभाग के होते हैं तो 1.50 रुपये प्रति पौधा लगता है।
किसानों की मांग पर यहां टमाटर और बैंगन के ग्राफ्टेड पौधे भी बनाए जाते हैं, जिनसे ज्यादा पैदावार होती है। बीज से पौधा बनने में करीब 25–30 दिन लगते हैं, जिससे किसानों को समय पर अच्छी क्वालिटी के पौधे मिल जाते हैं।
इससे किसानों को पुरानी बुवाई की लंबी और मेहनत वाली प्रक्रिया से छुटकारा मिल रहा है। अब उन्हें तेज, आसान और भरोसेमंद तरीका मिल गया है, जो सीधा किसानों के फायदे के लिए सरकार की नीतियों का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री का कहना है कि समृद्ध किसान, सशक्त छत्तीसगढ़ के सपने को सच करने के लिए ऐसे तकनीकी उपाय आगे भी जारी रहेंगे।





