GOLIKAND: पार्सल हाउस के अंदर घुसकर ठेकेदार को मारी गोली, पुलिस चौकी से 100 मीटर दूरी पर आरोपियों ने की वारदात

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में कुलियों ने पार्सल हाउस के अंदर घुसकर ठेकेदार भाईयों को गोली मार दी थी। हादसे में एक भाई की मौत हो गई और दूसरा गंभीर है। घटना 11 फरवरी की है, लेकिन 6 दिन बाद इसका वीडियो सामने आया है। जिसमें कुली नौबत यादव पार्सल ठेकेदार अनुज और उनके भाई पर गोली चलाते हुए दिख रहा है। वारदात पुलिस चौकी से 100 मीटर दूरी पर हुई। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, शेष आरोपियों की तलाश जारी है।

प्रतापगढ़ के अंतू नगर परिषद के गांव जूड़ापुर निवासी अनुज पांडेय अपने छोटे भाई अतुल पांडेय के साथ बरेली में सैटेलाइट बस स्टैंड के पार्सल का टेंडर लिया था। मगर बस स्टैंड पर कुली को मिलने वाले रुपए में ठेकेदारों के कमीशन पर विवाद हो गया। दरअसल, इसका एक हिस्सा ठेकेदार को भी जाता था। यही वजह थी कि कुछ कुली दोनों भाइयों को धमका रहे थे। उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
सो रहे ठेकेदार पर आरोपियों ने चलाई थी गोली
11 फरवरी, 2025 को ठेकेदार अनुज पांडेय बस स्टैंड के पार्सल रूम के अंदर सोए हुए थे। CCTV में उनके पास में काउंटर पर बैठी एक लड़की कर्मचारी भी दिख रही है। अचानक कुली नौबत यादव पार्सल घर के अंदर आता है। बाकी साथी बाहर ही खड़े रहते हैं। नौबत ने बेंच पर लेटे अनुज को गोली मार दी। बाहर निकलते वक्त अतुल पर भी गोली चला दी। गोली लगने के बाद अनुज उठने की कोशिश करता है लेकिन उठ नहीं पाता। एक और पार्सल घर के बाहर लगे CCTV में कर्मचारी लड़की भागते हुए दिखती है, वहीं गोली चलने के बाद यात्री भी डरकर इधर-उधर भागने लगते हैं।

गिरफ्तार करने गए अफसरों पर भी किया फायर
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी नौबत यादव को मौके से गिरफ्तार कर लिया था। 13 फरवरी को पुलिस आरोपी की निशानदेही पर तमंचा बरामद करने के लिए गई थी। तभी नौबत यादव ने तमंचा हाथ में लेते ही पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी। पुलिस द्वारा आरोपी नौबत यादव के पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार किया गया। मुख्य आरोपी के अलावा वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस दो टीम बनाकर दबिश दे रही है।





