रायपुर: गणेश शंकर मिश्रा बने राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष

रायपुर से बड़ी प्रशासनिक खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ शासन ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी गणेश शंकर मिश्रा को राज्य नीति आयोग छत्तीसगढ़ का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।
इस संबंध में योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी तथा बीस सूत्रीय कार्यान्वयन विभाग द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। आदेश के अनुसार यह नियुक्ति उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और आगामी आदेश तक जारी रहेगी।
गणेश शंकर मिश्रा लंबे प्रशासनिक अनुभव के लिए जाने जाते हैं। शासन स्तर पर विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके मिश्रा से राज्य नीति आयोग में नीतिगत निर्णयों और विकास योजनाओं को दिशा देने की उम्मीद जताई जा रही है।
राज्य नीति आयोग की भूमिका राज्य के दीर्घकालिक विकास की रणनीति तय करने, योजनाओं की समीक्षा करने और सरकार को नीतिगत सुझाव देने की होती है। ऐसे में इस नियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






