पीएम सूर्यघर योजना के तहत फ्री बिजली: वार्डों में लगेंगे शिविर, 1.30 लाख सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य

रायपुर। केंद्र सरकार की पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब छत्तीसगढ़ में आम लोगों को अपने घरों की छत पर फ्री सोलर पैनल लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। राजधानी समेत पूरे प्रदेश में इसके प्रचार-प्रसार के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) की ओर से हर वार्ड में शिविर लगाए जाएंगे।
बुधवार को गुढ़ियारी में आयोजित एक ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन शिविर में बिजली विभाग के लगभग 300 में से 215 अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपने घरों की छत पर सोलर प्लांट लगवाने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। MD भीम सिंह कंवर ने शिविर का शुभारंभ करते हुए बताया कि 1.30 लाख रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने का केंद्र सरकार का टारगेट है, जिसे पूरा करने सबसे पहले बिजली विभाग के कर्मचारी आगे आएं ताकि आम जनता को भी प्रेरणा मिले।
वार्ड-स्तरीय शिविरों में लोगों को रजिस्ट्रेशन, इंस्टॉलेशन, मेंटेनेंस, सब्सिडी और सोलर एनर्जी से जुड़ी सारी जानकारी दी जाएगी। डिस्कॉम का उद्देश्य है कि प्रदेश हरित ऊर्जा राज्य के रूप में उभरे। कार्यपालक निदेशक एसके गजपाल ने बताया कि योजना के तहत एक किलोवाट के प्लांट पर 45 हजार, दो किलोवाट पर 90 हजार और तीन किलोवाट पर 1.08 लाख तक की सब्सिडी दी जाएगी। लोगों को बिजली बिल से मुक्ति दिलाने की दिशा में यह योजना एक बड़ा कदम मानी जा रही है।





