छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में पहली बार वर्चुअली हुई सुनवाई, लखनऊ से जुड़े चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ जब किसी जज ने पूरी तरह वर्चुअल माध्यम से सुनवाई की। हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा अपनी मां के इलाज के लिए लखनऊ में हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपनी न्यायिक जिम्मेदारी निभाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। उन्होंने वर्चुअली डिवीजन बेंच और सिंगल बेंच दोनों की सुनवाई की।

कोरोना काल में भले ही वर्चुअल सुनवाई की शुरुआत हुई थी, लेकिन तब सिर्फ वकीलों को वर्चुअल माध्यम से जुड़ने की अनुमति थी, जबकि जज कोर्ट में बैठकर सुनवाई करते थे। यह पहली बार है जब कोई जज खुद कोर्ट से दूर रहकर वर्चुअल तरीके से सुनवाई में शामिल हुए।

डिवीजन और सिंगल बेंच दोनों में की सुनवाई

चीफ जस्टिस ने रजिस्ट्रार जनरल को निर्देश दिए थे कि उनके मामलों की सूची तैयार की जाए ताकि वह लखनऊ से वर्चुअली सुनवाई कर सकें। तय समय पर डिवीजन बेंच की सुनवाई शुरू हुई, जिसमें जस्टिस अरविंद वर्मा भी मौजूद रहे। याचिकाकर्ताओं और पक्षकारों के वकील भी वर्चुअली जुड़े।

डिवीजन बेंच की सुनवाई निर्धारित समय तक चली। लंच ब्रेक के बाद चीफ जस्टिस ने सिंगल बेंच में भी मामलों की सुनवाई की। यह पहल न्याय व्यवस्था के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस कदम की वकीलों और आम लोगों ने सराहना की है।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button