भिलाई के जामुल में युवक पर फायरिंग, बाल-बाल बची जान; पुलिस जांच में जुटी

दुर्ग। भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक युवक पर फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने विकास प्रजापति नाम के युवक को निशाना बनाकर गोली चलाई। किस्मत से गोली सीधा नहीं लगी, लेकिन फायरिंग के दौरान उसके कान के पास हल्की चोट आ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। पुलिस को वहां से गोली के अवशेष मिले हैं। साथ ही आसपास की दीवारों पर भी गोलियों के साफ निशान देखे गए, जिससे पता चलता है कि हमलावरों ने कई बार फायरिंग की।
पुलिस का अनुमान है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है। हालांकि अभी तक मामले में कोई अपराध दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।





