जेल में घुसपैठ पर अनवर ढेबर के बेटे शोएब पर FIR

रायपुर। रायपुर में चर्चित शराब घोटाले के आरोपी और कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर पर एक और FIR दर्ज हुई है। बुधवार, 6 अगस्त को शोएब बिना अनुमति के जेल के मुलाकात कक्ष में घुस गया था। जेल अधिकारियों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने जबरदस्ती अंदर प्रवेश किया। इस हरकत से सुरक्षा व्यवस्था बाधित हुई और जेल संचालन में व्यवधान आया।
जेल अधीक्षक ने आदेश जारी कर शोएब की किसी भी कैदी से मुलाकात पर तीन महीने के लिए पाबंदी लगा दी। इसके अलावा गंज थाना पुलिस ने भी इस मामले में FIR दर्ज कर ली है। प्रशासन का कहना है कि शोएब का यह आचरण जेल नियमों का खुला उल्लंघन है।
शोएब ढेबर का विवादों से पुराना नाता रहा है। 28 मई 2024 को उस पर राजधानी रायपुर की एक युवती के साथ साइबर स्टॉकिंग का आरोप लगा था, जिसमें उसके पिता अनवर ढेबर का नाम भी शामिल हुआ था। इससे पहले, नवंबर 2023 में रायपुर के एक जूक क्लब में पार्किंग विवाद के दौरान शोएब ने एक व्यापारी को थप्पड़ मार दिया था, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी हुई थी।
2019 में रायपुर के IP क्लब में मारपीट और फायरिंग मामले में भी शोएब गिरफ्तार हुआ था। वहीं, कोविड-19 काल में बिना मास्क घूमने और पुलिस आरक्षक से बहस करने का उसका वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद चालान काटा गया था। लगातार विवादों और आपराधिक मामलों में फंसे शोएब पर इस ताजा FIR के बाद एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं कि जेल और कानून व्यवस्था में रसूखदारों की पहुंच किस हद तक है।





