बिलासपुर में सोशल मीडिया पोस्ट से सांप्रदायिक तनाव की आशंका, मुस्लिम समुदाय ने की कार्रवाई की मांग

बिलासपुर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर एक भड़काऊ पोस्ट को लेकर सांप्रदायिक तनाव फैलने की आशंका जताई गई है। यह मामला हिंदू नेता राम सिंह से जुड़ा है, जिनके खिलाफ फेसबुक पर कथित भड़काऊ पोस्ट करने की शिकायत दर्ज कराई गई है।
मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में कहा गया कि राम सिंह ने अपने फेसबुक प्रोफाइल पर एक सार्वजनिक पोस्ट साझा की थी, जिसमें 30 दिसंबर को पुराने बस स्टैंड चौक पर कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की गई थी। पोस्ट में “इस्लामिक आतंकवाद का पुतला दहन” और “आओ मिलकर लड़ें” जैसे भड़काऊ शब्दों का इस्तेमाल किया गया।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इस तरह की भाषा पूरे एक धार्मिक समुदाय को आतंकवाद से जोड़ने का प्रयास करती है और इससे शहर में विभिन्न समुदायों के बीच नफरत और तनाव फैलने की संभावना है। उन्होंने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थान पर पुतला दहन और उकसाने वाले नारे कभी भी हिंसा या दंगे का कारण बन सकते हैं।

शिकायत में कहा गया कि यह कृत्य भारतीय दंड संहिता 2023 की गंभीर धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत दंडनीय है। मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाए, अन्यथा वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखना है। मामला जांच और प्रशासनिक कार्रवाई के दायरे में है, और अब यह देखना बाकी है कि प्रशासन कितनी तेजी से कदम उठाता है।





