Farmers Submitted a Memorandum: सहकारी बैंक प्रबंधक पर मनमानी का आरोप, किसानों ने कलेक्टर से की हटाने की मांग
फसल ऋण से वंचित होने का आरोप, सिलतरा सोसायटी के किसानों ने सौंपा ज्ञापन

जिला सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक शाखा पथरिया के बैंक प्रबंधक के खिलाफ किसानों ने मोर्चा खोल दिया है। (Farmers Submitted a Memorandum) सिलतरा सोसायटी के अंतर्गत आने वाले जोता, नेहना, कपुआ, सिलतरा, चंदरचंडी और मूलनकापा सहित कई गांवों के किसानों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बैंक प्रबंधक को हटाने की मांग की है। किसानों का आरोप है कि बैंक प्रबंधक की मनमानी के चलते पात्र किसानों को खरीफ फसल के लिए ऋण नहीं दिया जा रहा है, जिससे खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है।
सिलतरा सोसायटी के किसानों ने सौंपा ज्ञापन (Farmers Submitted a Memorandum)
ज्ञापन में कहा गया है कि किसानों को अन्य बैंकों से ऋण लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिसके कारण उन्हें अतिरिक्त आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि समय पर ऋण नहीं मिलने से आगामी फसल सीजन प्रभावित हो सकता है और कृषि कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। किसानों ने कलेक्टर से मामले की जांच कर बैंक प्रबंधक को तत्काल हटाने तथा किसानों को सुगमता से ऋण उपलब्ध कराने की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।





