बीज एवं उर्वरकों के अग्रिम उठाव के लिए किसानों को किया जा रहा प्रोत्साहित..

बिलासपुर
खरीफ फसल वर्ष 2025 की तैयारी के अंतर्गत जिले के किसानों को बीज एवं उर्वरकों के अग्रिम उठाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य है कि किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त बीज एवं उर्वरक उपलब्ध हो सके ताकि फसलों की बुआई समय पर एवं सुचारु रूप से की जा सके।
114 सेवा सहकारी समितियों में लगाई गई ग्रामीण कृषि विकास अधिकारियों की ड्यूटी
कृषि विभाग द्वारा जिले की 114 सेवा सहकारी समितियों में ग्रामीण कृषि विकास अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि बीज वितरण कार्य में पारदर्शिता बनी रहे और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बीज वितरण लक्ष्य और अब तक की स्थिति
उप संचालक कृषि ने जानकारी दी कि खरीफ 2025 के लिए जिले में कुल 30,366 क्विंटल बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में 13,663 क्विंटल बीजों का भण्डारण एवं 8,214 क्विंटल बीजों का वितरण सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से किया जा चुका है।
किसानों से अपील
उप संचालक कृषि ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता अनुसार मानसून से पूर्व ही बीज एवं उर्वरकों का उठाव कर लें। इससे जहां एक ओर उन्हें समय पर कृषि कार्य करने में सुविधा होगी, वहीं दूसरी ओर समितियों में पुनः भण्डारण की व्यवस्था भी बेहतर ढंग से की जा सकेगी।
“किसानों को समय पर आवश्यक कृषि इनपुट्स मिलें, इसके लिए यह अग्रिम योजना अत्यंत महत्वपूर्ण है।” — पीडी हथकेश्वर, उप संचालक कृषि





